टाटा मोटर्स ने बुधवार को भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक कार टिगोर ईवी पेश की। कार को कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों में Nexon EV इलेक्ट्रिक कार के नीचे रखा गया है। कंपनी ने इसके कई स्पेसिफिकेशंस के बारे में भी बताया है। टाटा का दावा है कि Tigor EV इलेक्ट्रिक कार महज 5.7 सेकेंड में 0 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। कार की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। बिक्री 31 अगस्त से शुरू होगी। अभी तक Tigor EV केवल सरकारी अधिकारियों और फ्लीट ऑपरेटरों को ही उपलब्ध कराई जा रही थी, लेकिन 31 अगस्त से यह कार सभी के लिए उपलब्ध हो जाएगी। बुधवार को टाटा ने टिगोर को पेश करने के साथ ही इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है। अगर आप इसे खरीदने के इच्छुक हैं तो Tigor Electric Car को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अपने नजदीकी Tata Motors के शोरूम से बुक कर सकते हैं। फिलहाल इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो इलेक्ट्रिक वर्जन की कीमत Tigor के नॉन-इलेक्ट्रिक वर्जन से थोड़ी ज्यादा होगी। जानकारी के लिए बता दें कि फिलहाल Tigor पेट्रोल मॉडल की शुरुआती कीमत 5.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
पावर, रेंज आदि स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो नई Tigor EV कंपनी द्वारा विकसित Ziptron पावरट्रेन टेक्नोलॉजी पर काम करती है। Tata Ziptron संचालित वाहन हाई-वोल्टेज 300+ वोल्ट परमानेंट मैग्नेटिक सिंक्रोनस इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आते हैं। हालांकि Nexon EV में बड़ा 30.2 kWh क्षमता का लिथियम-आयन बैटरी पैक मिलता है, लेकिन Tigor EV में कंपनी ने 26 kWh क्षमता के छोटे लिथियम-आयन बैटरी पैक का इस्तेमाल किया है। टाटा मोटर्स ने इसकी सटीक रेंज का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह स्पष्ट है कि इसकी रेंज फ्लीट ऑपरेटरों के लिए रीबैज की गई Xpres-T इलेक्ट्रिक कार से अधिक(213 किमी) होगी। टाटा मोटर्स ने पहले ही कहा है कि ज़िपट्रॉन वाहनों की न्यूनतम सीमा 250 किलोमीटर होगी। ऐसे में Tigor EV की रेंज को हम इससे ऊपर मान सकते हैं।
नई Tata Tigor EV की मोटर 75 hp और 170 Nm का टार्क निकालती है, जो Nexon EV से कम है, फिर भी यह Xpres-T (34 hp और 65 Nm) से अधिक है। इसके अलावा, ज़िपट्रॉन तकनीक टिगोर ईवी को लगभग एक घंटे के समय में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में सक्षम बनाएगी। एक्सप्रेस-टी को इसके लिए लगभग दोगुना समय लगता है। कार के सभी स्पेसिफिकेशंस और भारत में इसकी कीमत के लिए हमें कुछ दिनों का इंतजार करना होगा। उम्मीद की जा रही है कि 31 अगस्त को कार की लॉन्चिंग के साथ ही ये सारी जानकारियां सामने आ जाएंगी।
0 टिप्पणियाँ