Porsche ने भारत में अपनी फ्लैगशिप हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक कार लॉन्च की है। टायकन नाम से लॉन्च हुई यह इलेक्ट्रिक कार पावर का पिटारा है और रेंज के मामले में किसी से कम नहीं है। Porsche Taycan इलेक्ट्रिक कार एक बार चार्ज करने पर अधिकतम 484 किमी चल सकती है। यह खूबसूरत इलेक्ट्रिक सेडान कार दमदार फीचर्स से लैस है। इसमें 16.8 इंच का फ्रीस्टैंडिंग कर्व्ड डिजिटल इंस्ट्रूमेंट पैनल है। इतना ही नहीं यह इलेक्ट्रिक कार 3.5 सेकेंड से भी कम समय में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। पोर्श ने 12 नवंबर को भारत में टायकन इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की घोषणा की थी। पोर्श ने इस कार को चार मॉडल में पेश किया है, जिसमें टायकन, टायकन 4एस, टर्बो और टर्बो-एस शामिल हैं। टायकन 4एस, टर्बो और टर्बो-एस मॉडल में 'क्रॉस टूरिस्मो' ट्रिम भी उपलब्ध होगा। कार को 1.5 करोड़ रुपये की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया गया है। इससे पहले इस मॉडल को ग्लोबल मार्केट में भी उतारा जा चुका है। यहां तक कि, कंपनी ने दावा किया है कि इसके वैश्विक लॉन्च के अगले नौ महीनों के भीतर दुनिया भर के विभिन्न बाजारों में 28,640 इकाइयां बेची गई हैं। पोर्श ने सितंबर 2019 में टायकन इलेक्ट्रिक कार की घोषणा की और कंपनी को 2020 की शुरुआत में भारत में कार पेश करनी थी, लेकिन कोविड महामारी के कारण लॉन्च को स्थगित कर दिया गया था। Taycan के साथ Porsche ने Macan को भी भारत में लॉन्च कर दिया है। यह एक नॉन-इलेक्ट्रिक कार है।
स्पेसिफिकेशंस और फीचर्स की बात करें तो Porsche Taycan की लंबाई 4,963mm, चौड़ाई 2,144mm और ऊंचाई 1,378mm है। इसका व्हीलबेस 2,900mm का है। यह चार दरवाजों वाली कार है। इंटीरियर की बात करें तो इसमें 16.8 इंच का फ्रीस्टैंडिंग कर्व्ड डिजिटल इंस्ट्रूमेंट पैनल मिलता है। इतना ही नहीं इसमें 8.4 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी है। ईवी एक 'पोर्श चार्ज मैप' के साथ तैयार किया जाएगा, जो चालक को चलते-फिरते सभी चार्जिंग स्टेशनों के बारे में जानकारी प्रदान करता है। पोर्श ने भी सेफ्टी के मामले में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस कार में कई एयरबैग्स मिलते हैं। इसके अलावा इसमें ऑटोमैटिक ब्रेकिंग और टक्कर की चेतावनी जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। टायकन ईवी में दो इलेक्ट्रिक मोटर हैं, जिन्हें 71kWh या 83.7kWh बैटरी विकल्पों के साथ जोड़ा गया है। इसकी बदौलत यह कार अधिकतम 600hp का आउटपुट और 456-484 किमी की रेंज देने में सक्षम है। कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक कार 3.5 सेकेंड से भी कम समय में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें