पंजाब की भगवंत मान सरकार ने चंडीगढ़ पर दावा पेश किया है। पंजाब सरकार की ओर से शुक्रवार को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया। इस सत्र के दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान ने एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें कहा गया है कि चंडीगढ़ पर सिर्फ पंजाब का ही अधिकार है। इसके साथ ही भगवंत मान ने केंद्र सरकार से चंडीगढ़ को केवल पंजाब की राजधानी घोषित करने की मांग की है। भगवंत मान ने विधानसभा में बोलते हुए कहा कि चंडीगढ़ पर सिर्फ पंजाब का अधिकार है। उन्होंने कहा, "देश में कई राज्य अलग हुए। जब भी किसी राज्य से कोई नया राज्य बनता है, तो राजधानी पुराने राज्य के पास रहती है। इसलिए, केवल पंजाब का चंडीगढ़ पर अधिकार है और इसे पंजाब को दिया जाना चाहिए।
इससे पहले केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ में केंद्रीय सेवा नियम लागू करने की घोषणा की थी। चंडीगढ़ में शुक्रवार से केंद्रीय सेवा नियम लागू हो गए हैं। पंजाब की भगवंत मान सरकार इस नियम का विरोध कर रही है और इसके खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव भी पेश किया गया है।
एक टिप्पणी भेजें