अयोध्या में प्रसाद के रूप में मिलने वाले हनुमानगढ़ी लड्डू को जीआई टैग मिलने की संभावना है। हाल ही में जीआई रजिस्ट्री चेन्नई द्वारा इसके आवेदन को स्वीकार कर लिया गया है। बता दें कि इस आवेदन को खाद्य सामग्री की श्रेणी के तहत अयोध्या की हलवाई कल्याण समिति द्वारा दायर किया गया था। गौर तलब है कि अयोध्या में भोग के लिए हनुमानगढ़ी लड्डू को स्थानीय स्तर पर बेसन और देसी घी से तैयार किया जाता है। यह लड्डू उस क्षेत्र में इतने लोकप्रिय हैं कि वहां हर दिन औसतन 20 से 25 क्विंटल लड्डू तैयार होते हैं। एक समान आकार और साइज के इन लड्डुओं को अयोध्या वासियों द्वारा तैयार किया जाता है।
जीआई टैग
यह टैग कुछ उत्पादों पर इस्तेमाल किया जाने वाला एक नाम या चिन्ह है। जो किसी विशिष्ट भौगोलिक स्थान या मूल से मेल खाता है। टैग यह सुनिश्चित करता है कि केवल अधिकृत उपयोगकर्ताओं या भौगोलिक क्षेत्र में रहने वाले लोगों को ही लोकप्रिय उत्पाद नाम का उपयोग करने की अनुमति है। यह उत्पाद को दूसरों द्वारा कॉपी या नकल किए जाने से बचाता है। एक पंजीकृत जीआई टैग 10 वर्षों के लिए वैध होता है। वस्तुओं का भौगोलिक संकेत पंजीकरण और संरक्षण अधिनियम 1999 भारत में वस्तुओं से संबंधित भौगोलिक संकेतों के पंजीकरण और बेहतर सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास करता है। यह बौद्धिक संपदा अधिकारों के व्यापार संबंधी पहलुओं पर विश्व व्यापार संगठन यानी डब्ल्यूटीओ समझौते द्वारा शासित और निर्देशित है। इसके अलावा बौद्धिक संपदा के अभिन्न घटकों के रूप में औद्योगिक संपत्ति और भौगोलिक संकेतों की सुरक्षा के महत्व को पेरिस कन्वेंशन के अनुच्छेद 1-2 और 10 में स्वीकार किया गया है।
0 टिप्पणियाँ