बिजनैस ब्रीफ - MSD News

This website of MSD News makes the students preparing for government jobs aware of the current affairs and latest news of the country.

Home Top Ad

Post Top Ad

बिजनैस ब्रीफ

business news today



बिजनैस ब्रीफ


भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एन.पी.सी.आई.) ने ब्लॉकचेन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) पर संयुक्त शोध करने के लिए बुधवार को भारतीय विज्ञान संस्थान (आई.आई.एस.सी.), बेंगलुरु के साथ दीर्घकालिक समझौते की घोषणा की।

भारतीय-कनाडाई अरबपति प्रेम वत्स समर्थित फेयरफैक्स इंडिया ने आईआईएफएल फाइनांस को 20 करोड़ डॉलर (1,650 करोड़ रुपए) का नकदी समर्थन देने की प्रतिबद्धता जताई है। भारतीय रिजर्व बैंक ने गैर-बैंकिंग ऋणदाता पर स्वर्ण ऋण वितरण की रोक लगा दी है। फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग्स कॉर्पोरेशन ने कहा कि आर.बी.आई. के प्रतिबंध ने कंपनी के निवेशकों और ऋणदाताओं के बीच नकदी को लेकर चिंताएं बढ़ादी हैं । इन चिंताओं के चलते फेयरफैक्सइंडिया ने पारस्परिक रूप से सहमत शर्तों पर और नियामकीय मंजूरी के बाद 20 करोड़ डॉलर का नकदी समर्थन देने का फैसला किया है।

म्यूचुअल फंड वितरकों को अब एक निवेशक के एक वितरक से दूसरे वितरक को संपत्ति हस्तांतरण करने पर परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियों (ए.एम.सी.) से ट्रेल कमीशन पाने का मौका मिलेगा। हालांकि संपत्ति के हस्तांतरण की तारीख से 6 महीने की कूलिंग ऑफ अवधि के बाद ही ट्रेल कमीशन का भुगतान कर सकते हैं।

जियो-बीपी ने बुधवार को मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु में इलैक्ट्रिक वाहन (ई.वी.) चार्जिंग ढांचागत सुविधा स्थापित करने के लिए हाऊस ऑफ हीरानंदानी के साथ सांझेदारी की है। इलैक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में जियो- बीपी पल्स ब्रांड नाम से काम करती है।

रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने घरों की बढ़ती मांग के बीच चालू वित्त वर्ष में अब तक कई भूखंडों का अधिग्रहण किया है जिनसे करीब 20,000 करोड़ रुपए का राजस्व पैदा होने की संभावना है। गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी गौरव पांडेय ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2023-24 में 15,000 करोड़ रुपए का नया कारोबार करने का लक्ष्य पहले ही हासिल कर लिया है और नए भूखंडों की खरीद एवं जमीन मालिकों के सांझेदारियां इसी का हिस्सा हैं।

सुविधा प्रबंधन सेवा कंपनी क्रिस्टल इंटिग्रेटेड सर्विसेज का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आई.पी.ओ.) 14 मार्च को खुलेगा। आई.पी.ओ. दस्तावेज के अनुसार कंपनी का निर्गम 18 मार्च को बंद होगा। एंकर निवेशक 13 मार्च को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।

जेएम फाइनेशियल ने वित्तपोषण कारोबार पर प्रतिबंध लगाने के आदेश की 'सावधानीपूर्वक और विस्तृत समीक्षा' के बाद कहा कि कर्ज को मंजूरी देने की उसकी प्रक्रिया में कोई खामी नहीं' थी। इसके अलावा, कंपनी ने लागू नियमों का भी उल्लंघन नहीं किया है।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सी.सी.आई.) अब प्रतिस्पर्धा नियमों के उल्लंघन के मामले में कंपनियों पर उनके वैश्विक कारोबार के आधार पर जुर्माना लगा सकता है। सरकार ने इस बारे में संशोधित प्रतिस्पर्धा मानदंडों को अधिसूचित कर दिया है। अब तक भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग कंपनी के उस कारोबार खंड के कारोबार के आधार पर जुर्माना लगाता था जिसमें यह उल्लंघन हुआ है। कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय ने 6 मार्च से संशोधित प्रतिस्पर्धा अधिनियम के तहत प्रावधानों को अधिसूचित किया है।

इस्पात उत्पादक कंपनी जे. एस. डब्ल्यू. स्टील ने कहा कि उसने रॉबर्ट साइमन को अमरीकी इकाई का सी.ई.ओ. नियुक्त किया है। कंपनी ने कहा कि साइमन अपनी नई भूमिका के तहत अमरीका में समग्र व्यवसाय का नेतृत्व करेंगे।

पी-नोट्स के जरिए होने वाला निवेश विदेशी निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने से जनवरी में हल्की गिरावट के साथ 1.43 लाख करोड़ रुपए रहा। पी-नोट्स के जरिए भारतीय बाजार में निवेश पिछले एक साल में बढ़कर 1,49,447 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ई.एस.आई.सी.) ने कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा में 7 ई.एस.आई. अस्पतालों के निर्माण के लिए 1,128.21 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी है। श्रम मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय श्रम सचिव सुमिता डावरा की अध्यक्षता में मंगलवार को ई.एस.आई.सी. की स्थायी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। 7 ई.एस.आई. अस्पतालों का निर्माण हारोहल्ली, नरसापुर, बोम्मासांद्रा (कर्नाटक), मेरठ, बरेली (उत्तर प्रदेश), पीथमपुर (मध्य प्रदेश) और दुबुरी (ओडिशा) में किया जाएगा।

क्रेडिट रेटिंग एजैंसी इक्रा ने कहा कि घरेलू हवाई यात्री यातायात के चालू वित्त वर्ष में 8- 13 प्रतिशत बढ़कर कोविड- पूर्व स्तर से आगे 15-15.5 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। महामारी से पहले घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 14.12 करोड़ थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें


job

💼 नवीनतम जॉब पोस्ट

Current Affairs

📰 करंट अफेयर्स से जुड़ी ताज़ा पोस्ट

Business Idea

💼 बिज़नेस आइडियाज़ से जुड़ी पोस्ट

Trending

Popular Posts

Post Bottom Ad

Pages