Latest Hindi News Headlines Today: आज दिनभर के ताज़ा और मुख्य समाचार

Latest Hindi News


खाड़ी हमले पर भारत का अमेरिका को कड़ा विरोध
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बातचीत कर खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों की मौत पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। जयशंकर ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की घातक कार्रवाई किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस सप्ताह ओमान तट के पास भारतीय चालक दल वाले तीन जहाज हमलों की चपेट में आए थे, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई। भारत सरकार ने इस मामले में नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को भी तलब कर विरोध दर्ज कराया है।

“लिया की फ्रीडम” जहाज हमले की खबर फर्जी
विदेश मंत्रालय ने उन खबरों को गलत बताया है जिनमें दावा किया गया था कि भारतीय चालक दल वाले जहाज “लिया की फ्रीडम” पर सैन्य हमला हुआ है। मंत्रालय के अनुसार जहाज के कप्तान से बातचीत की गई है और उन्होंने पुष्टि की है कि सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। सरकार ने साफ कहा है कि जहाज पर हमले की खबरें भ्रामक हैं और किसी भारतीय नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा है।

पेपर लीक पर कांग्रेस का देशव्यापी अभियान
कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ियों और बेरोजगारी के मुद्दे पर देशव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि राहुल गांधी 17 जून से कोटा, प्रयागराज, पटना और दिल्ली समेत कई शहरों में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों में छात्र, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थी और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे। कांग्रेस परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और युवाओं के मुद्दों को संसद में उठाने की मांग कर रही है।

अभिषेक बनर्जी पर जांच का शिकंजा तेज
टीएमसी सांसद और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आज सुबह कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम उनके कालीघाट स्थित घर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस उनके करीबी सहयोगी सुमित रॉय की तलाश में वहां पहुंची थी। सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौके पर पहुंच गईं। फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआईडी ने कल अभिषेक बनर्जी से पांच घंटे से ज्यादा पूछताछ की थी। इसी बीच भर्ती घोटाले की जांच में ईडी ने टीएमसी विधायक मदन मित्रा के घर पर भी छापेमारी की है।

21 जून को होगा NEET UG री-एग्जामकेंद्रीय 
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि 21 जून को होने वाली नीट यूजी री-एग्जाम परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से कराई जाएगी। उन्होंने छात्रों से आत्मविश्वास बनाए रखने और पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की है। पेपर लीक के आरोपों के बाद 3 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। एनटीए ने छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक चलेगी।

पंजाब में समय से पहले चुनाव के संकेत
आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पंजाब विधानसभा चुनाव तय समय से पहले नवंबर 2026 में हो सकते हैं। बठिंडा में रोड शो के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पार्टी का चेहरा बताते हुए कहा कि उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री बनाना है। केजरीवाल ने हालिया नगर निकाय चुनावों में मिली जीत को भगवंत मान सरकार के चार साल के कामकाज पर जनता की मुहर बताया। वहीं मुख्यमंत्री मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के विकास और लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम करती रहेगी।

दिल्ली स्कूलों में ड्रॉपआउट रोकने की नई पहल
दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों में छात्रों का ड्रॉपआउट रोकने के लिए नई पहल शुरू की है। शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि नौवीं कक्षा में बार-बार फेल होने वाले या कंपार्टमेंट पाने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग की जाए। सरकार का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई बीच में छोड़ने से रोकना है। जरूरत पड़ने पर छात्रों को एनआईओएस के जरिए पढ़ाई जारी रखने का विकल्प भी दिया जाएगा।

लखनऊ KGMU से कैदी फरार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस कस्टडी में इलाज करा रहा एक विचाराधीन बंदी केजीएमयू अस्पताल से फरार हो गया है। दुष्कर्म और धोखाधड़ी के मामले में जेल में बंद ओडिशा के बालासोर निवासी हैदर अली का अस्पताल में इलाज चल रहा था। जांच के दौरान उसके गायब होने का पता चला। सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। फरार कैदी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

रूस बना रहा स्टारलिंक जैसा सैटेलाइट 
सिस्टमरूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस युद्ध में इस्तेमाल होने वाले ड्रोन को नियंत्रित करने के लिए सैटेलाइट आधारित नया सिस्टम विकसित कर रहा है। रूस डे के मौके पर सैनिकों के साथ बैठक में पुतिन ने बताया कि रूसी कंपनी ब्यूरो 1440 लो अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट नेटवर्क पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यह सिस्टम स्पेसएक्स की स्टारलिंक सेवा के बराबर और कुछ मामलों में उससे बेहतर साबित हो सकता है।

होर्मुज को लेकर ईरान की अमेरिका को चेतावनी
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का रुख सख्त रहेगा और यहां से गुजरने वाले जहाजों से सेवाओं के बदले शुल्क लिया जा सकता है। उन्होंने अमेरिका के साथ चल रही शुरुआती बातचीत का भी जिक्र किया और कहा कि ईरान का कोई पैसा फ्रीज नहीं रहेगा। अराघची ने साफ किया कि परमाणु कार्यक्रम और संवर्धित यूरेनियम के मुद्दे पर ईरान अपने रुख से पीछे नहीं हटेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान हिज्बुल्लाह का समर्थन जारी रखेगा और अमेरिका के वादों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

जोरहाट एयरबेस पर AN-32 विमान हादसा
असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का एएन-32 विमान लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार विमान रनवे पर सही तरीके से नहीं उतर सका और घास वाले उबड़-खाबड़ हिस्से में चला गया। लैंडिंग के बाद विमान में आग लग गई और धमाके की भी सूचना है। एयरबेस की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। भारतीय वायुसेना ने मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और अपुष्ट जानकारी से बचने की अपील की है। वायुसेना ने कहा है कि किसी भी हादसे की आधिकारिक जानकारी सबसे पहले संबंधित परिवारों को दी जाती है, इसलिए बिना पुष्टि के जानकारी साझा न करें।

दिल्ली में बिजली बिल बढ़ने की तैयारी
दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल में बढ़ोतरी की खबर है। दिल्ली विद्युत नियामक आयोग यानी डीईआरसी ने बिजली कंपनियों को पीपीएसी वसूली की मंजूरी दे दी है। अब पहली बार मासिक आधार पर पीपीएसी लिया जाएगा, जबकि पहले यह तिमाही आधार पर लागू होता था। इस फैसले के बाद बिजली बिल में 1 से 3.3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 200 से 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं पर इसका असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इससे अधिक खपत करने वालों को ज्यादा बिल चुकाना पड़ सकता है।

बिहार NDA में बढ़ी अंदरूनी खींचतान
बिहार की राजनीति में एनडीए के भीतर नए राजनीतिक संकेत देखने को मिल रहे हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के बेटे तथा बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश को विधान परिषद नहीं भेजे जाने को बीजेपी का सख्त राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। दीपक प्रकाश फिलहाल मंत्री हैं लेकिन किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। संवैधानिक नियमों के अनुसार वे छह महीने तक मंत्री पद पर बने रह सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में सीट बंटवारे और प्रतिनिधित्व को लेकर एनडीए के भीतर मतभेद की चर्चा तेज हो गई है।

बहराइच में ओवैसी की रैली से सियासत गरम
उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच बहराइच की राजनीति गरमा गई है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी 14 जून को मटेरा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी ने इसे 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति की शुरुआत बताया है। इसी दौरान ओवैसी के सय्यद सालार मसूद गाजी की दरगाह जाने के ऐलान पर विवाद भी बढ़ गया है। मंत्री ओमप्रकाश राजभर और लोकजनशक्ति पार्टी के नेताओं ने इस पर आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया है।

लालू परिवार के ब्रेसलेट गिफ्ट पर विवाद
बिहार की राजनीति में एक बार फिर लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन समारोह को लेकर विवाद सामने आया है। जेडीयू के विधान परिषद सदस्य और पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने बिहार सरकार की आर्थिक अपराध इकाई से जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भोजपुरी गायक राम शरण यादव को एक महंगा ब्रेसलेट उपहार में दिया था। नीरज कुमार ने कहा कि ब्रेसलेट की कीमत और उसके स्रोत की जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले की जानकारी ईडी और आयकर विभाग को भी भेजी है।

कैलिफोर्निया के पटियाला शाही रेस्टोरेंट पर फायरिंग
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के माडेरा शहर में स्थित पटियाला शाही रेस्टोरेंट पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस हमले की जिम्मेदारी मुन्ना ब्रह्मटन नाम के गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो के जरिए ली है। पोस्ट में धमकी भरे संदेशों के साथ कई नामों का जिक्र भी किया गया है। फिलहाल अमेरिकी पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के कारणों व आरोपों की पुष्टि की जा रही है।

PM मोदी 6 दिन के विदेश दौरे पर रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। पीएम बनने के बाद यह उनकी सातवीं फ्रांस यात्रा है। 13 और 14 जून को वह फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों से मुलाकात करेंगे और ‘इंडिया इनोवेटर्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वह स्लोवाकिया जाएंगे और 17 जून को होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे नए आर्मी चीफ
केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। फिलहाल वह उप सेना प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। वह मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल जून 2026 तक है।

असम में एयरफोर्स विमान हादसा, 5 जवानों की मौत
असम के जोरहाट एयरबेस पर लैंडिंग के दौरान भारतीय वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत पांच जवानों की मौत हो गई। एयरफोर्स के अनुसार विमान नियमित उड़ान पर था। मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन
नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने देशभर में आंदोलन की घोषणा की है। इसकी शुरुआत 17 जून को कोटा से होगी, जहां राहुल गांधी स्टूडेंट सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

अमृतसर में प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई
अमृतसर में आज प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रदर्शन को समर्थन या फंडिंग देने वालों को देश विरोधी माना जाएगा। पुलिस ने पूरे इलाके में जांच अभियान चलाया है।

₹370 बिरयानी विवाद पर युवक ने मांगी माफी
₹370 की बिरयानी वाले वायरल वीडियो के बाद युवक मोरे ने सोशल मीडिया पर माफी मांगी है। उसने कहा कि वह अपनी गलती सुधारने की कोशिश करेगा और कानूनी कार्रवाई में पूरा सहयोग कर रहा है।

जयशंकर ने अमेरिकी कार्रवाई पर जताया विरोध
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बातचीत में खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया। इस कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई थी। जयशंकर ने कहा कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना उचित नहीं है।

POK में आंदोलन तेज, 46 लोगों की मौत
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आरक्षित सीटों को लेकर जारी आंदोलन हिंसक हो गया है। पिछले चार दिनों में 46 प्रदर्शनकारियों की मौत और 1100 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की खबर है।

भारत-अफगानिस्तान वनडे मैच पर बारिश का असर
धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे मैच बारिश के कारण प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। विराट कोहली और हार्दिक पांड्या चोट के कारण टीम से बाहर हैं, जबकि बुमराह और सिराज को आराम दिया गया है। रोहित शर्मा 39 साल 40 दिन की उम्र में भारत के सबसे उम्रदराज वनडे खिलाड़ी बनने जा रहे हैं।