जालंधर, 1 सितंबर 2026: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘रन फॉर इक्वालिटी’ मैराथन का आयोजन मंगलवार को जालंधर में किया गया। 5 किलोमीटर की इस दौड़ में 650 एथलीटों ने हिस्सा लेकर समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे का संदेश दिया।
मैराथन को पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में विभिन्न खेल क्लबों, खिलाड़ियों और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) की भागीदारी रही। प्रतिभागियों में पूरे आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
5 किलोमीटर के रूट पर दौड़े एथलीट
मैराथन सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज से शुरू होकर कपूरथला चौक, वर्कशॉप चौक और डी.ए.वी. कॉलेज से होते हुए निर्धारित मार्ग से वापस कॉलेज परिसर में पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
आयोजन का उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक समानता, न्याय और आपसी भाईचारे जैसे मूल्यों से जोड़ना रहा।
गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
मैराथन के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व समारोहों के तहत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में महान कीर्तन दरबार आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा रवाना की गई विशेष वैनों के माध्यम से 12,000 से अधिक गांवों में श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और दर्शन पर आधारित वृत्तचित्र दिखाए जा चुके हैं।
मंत्री ने बताया कि प्रकाश पर्व समारोहों के तहत पंजाब सरकार ने 6.50 लाख पौधे लगाने का अभियान भी शुरू किया है। इसके साथ ही श्री गुरु रविदास जी की वाणी, शिक्षाओं और दर्शन पर अकादमिक शोध को बढ़ावा देने के लिए डेरा सचखंड बल्लां के पास करीब 11 एकड़ क्षेत्र में श्री गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र स्थापित किया जा रहा है।
प्रदेश में ड्रोन शो और खेल गतिविधियों पर भी जोर
मोहिंदर भगत ने बताया कि प्रकाश पर्व समारोहों के अगले चरण में पंजाब के विभिन्न हिस्सों में ड्रोन शो भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में चल रहे ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया-2026’ का जिक्र करते हुए युवाओं से खेलों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।
समानता और भाईचारे का संदेश अपनाने की अपील
मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाएं समाज में समानता, सामाजिक न्याय, सद्भावना और आपसी प्रेम का संदेश देती हैं। उन्होंने युवाओं और प्रदेशवासियों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
लड़कों और लड़कियों की श्रेणी में ये रहे आगे
मैराथन की लड़कों की श्रेणी में जशन ने पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद दीपक सिंह, रणजोत सिंह, लवप्रीत और भावित क्रमशः दूसरे से पांचवें स्थान पर रहे।
वहीं लड़कियों की श्रेणी में हरमिंदर कौर ने पहला स्थान हासिल किया। जसलीन, हरनूर, सुखप्रीत और ख्वाइश ने क्रमशः दूसरा, तीसरा, चौथा और पांचवां स्थान प्राप्त किया।
मैराथन के समापन पर कैबिनेट मंत्री ने विजेता एवं अन्य प्रमुख स्थान हासिल करने वाले एथलीटों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। आयोजन में भाग लेने वाले खेल क्लबों और NGOs को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर दिव्या पी., एस.डी.एम. लाल विश्वास बैंस, जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह, सहायक निदेशक युवक सेवाएं रवी दारा, सचिव रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल और तैराकी कोच उमेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें